Acn18. Com. जांजगीर चाम्पा भरत सिंह चौहान
जांजगीर-चांपा जिले में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब आंदोलन में बदल गया है। नेशनल हाईवे-49 से अर्जुनी, करूमहु, रसड़ा, मुरलीडीह और अमोरा समेत कई गांवों को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल है। बारिश के बाद सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि फोरलेन निर्माण के बाद से इस पहुंच मार्ग की न तो पर्याप्त मरम्मत हुई और न ही जर्जर हिस्सों का नवीनीकरण किया गया। ग्रामीणों के मुताबिक खराब सड़क से मरीजों और एंबुलेंस के आवागमन में भी दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने 1 सितंबर को प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 15 दिनों में सड़क सुधार की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर अब ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-49 पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। धरना स्थल पर आम आदमी पार्टी समेत समाजसेवियों ने भी समर्थन दिया।
ग्रामीण तत्काल सड़क मरम्मत और बेहद खराब हिस्सों में नई सड़क निर्माण की मांग पर अड़े हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस आंदोलन के बाद क्या कदम उठाता है।









