Acn18. Com जांजगीर चाम्पा भरत सिंह चौहान जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ तहसील कार्यालय के सामने सतलोक आश्रम मुक्तिधाम तुलसी की ओर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी गई है। 17 सितंबर से शुरू हुए इस आंदोलन का नेतृत्व आश्रम के संस्थापक संत बुधराम जी द्वारा किए जाने की जानकारी दी गई है। आंदोलनकारी रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार और कथित प्रशासनिक अनियमितताओं के विरोध में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों और आरोपों को लेकर पंपलेट जारी किया है। उनकी प्रमुख मांगों में एसडीएम भावना साहू को पद से हटाने, शिवरीनारायण तहसीलदार अभिनव चौहान, नवागढ़ तहसीलदार संजय बेरठ और नवागढ़ थाना प्रभारी प्रेमलाल दिवाकर के खिलाफ कार्रवाई शामिल है।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी आरोप है कि तहसीलदारों के इशारे पर उनके घर का ताला तोड़कर दूसरा ताला लगाया गया। वहीं, सितंबर 2025 में सतलोक आश्रम में पत्थरबाजी और चोरी की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है।
आंदोलनकारियों का दावा है कि एसपी जांजगीर को भी शिकायत दी गई है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
आंदोलनकारियों ने कहा है कि मांगों पर कार्रवाई होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। अब प्रशासन इन आरोपों और मांगों पर क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की नजर है।









