Home KORBA कोरबा में नन्हे हाथी की छठी, सात गांवों के ग्रामीणों ने मनाया...

कोरबा में नन्हे हाथी की छठी, सात गांवों के ग्रामीणों ने मनाया जश्न मांदर-मंजीरे की थाप पर गूंजा करमा नृत्य, मानव-हाथी सह-अस्तित्व का दिया संदेश

0
9

Acn18. Com.कोरबा में नन्हे हाथी के जन्म की खुशी में ग्रामीणों ने छठी का आयोजन कर मानव और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व की अनूठी मिसाल पेश की। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सात गांवों के ग्रामीण शामिल हुए और हाथियों के संरक्षण का संदेश दिया।मामला कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत साजापानी क्षेत्र का है, जहां 20 अक्टूबर को जन्मे नन्हे हाथी की खुशी में टिकरापारा स्थित गौठान में सामुदायिक छठी का आयोजन किया गया।

इसमें रामभाठा, लबेद, पहाड़गांव, काशीपानी, छातापाठ, जामपानी और साजापानी के ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। पारंपरिक वेशभूषा में ग्रामीणों ने मांदर और मंजीरे की थाप पर करमा नृत्य प्रस्तुत किया और उत्सव मनाया।कार्यक्रम में शामिल उप-वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा ने ग्रामीणों की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से मानव-हाथी संघर्ष को कम करने में मदद मिल सकती है।

वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ ग्रामीणों को सतर्क भी कर रहा है। नन्हे हाथी की छठी के बहाने ग्रामीणों ने संदेश दिया कि वन्यजीवों का संरक्षण और मानव-हाथी सह-अस्तित्व हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

error: Content is protected !!