रिपोर्टर-सरोज कुमार रात्रे


कोरबा/उरगा। कोरबा-शक्ति मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। ग्राम तिलकेजा के आमापाली के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर CG11 AH 8945 ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे खेत में जा घुसा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब शक्ति की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक युवक की पहचान और उसके निवास स्थान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।




