सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। भेज्जी थाना क्षेत्र के बोदराजपदर जंगल से सीआरपीएफ जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई एक बोल्ट एक्शन रायफल बरामद की है। इसके साथ ही मौके से 47 नग जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
CRPF की 50वीं बटालियन को मिली सफलता
जानकारी के मुताबिक, सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के जवानों ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया था। अभियान के दौरान जवानों को जंगल में संदिग्ध गतिविधियों और सामान के बारे में जानकारी मिली।
इसके बाद जवानों ने इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई बोल्ट एक्शन रायफल और कारतूस बरामद किए गए।
DIG और कमांडेंट के निर्देश पर चला अभियान
बताया गया कि CRPF DIG राजेश पांडेय और कमांडेंट प्रेमजीत सिंह के निर्देश पर जवानों की टीम इलाके में अभियान के लिए निकली थी। तलाशी के दौरान यह हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।
बरामद हथियार और कारतूस को सुरक्षा बलों ने कब्जे में ले लिया है। इलाके में सुरक्षा बलों की ओर से सर्चिंग अभियान जारी है।
नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी
सुरक्षाबलों द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों की बरामदगी को सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।






