Home छत्तीसगढ़ Breaking News: अनुपमा चौक के बुक डिपो में भीषण आग, लाखों का...

Breaking News: अनुपमा चौक के बुक डिपो में भीषण आग, लाखों का स्टेशनरी सामान जलकर खाक; 3 दमकल गाड़ियां मौके पर

0
8

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर के अनुपमा चौक स्थित सूरज एंटरप्राइजेज बुक डिपो में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का स्टेशनरी सामान देखते ही देखते जलकर पूरी तरह खाक हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर SDRF की दमकल टीम पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।

आग बुझाने में जुटी दमकल की 3 गाड़ियां

आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं। दमकल कर्मियों द्वारा दुकान के अंदर और आसपास से आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।

आग की लपटों और धुएं के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया है, ताकि आसपास की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

लाखों का स्टेशनरी सामान जलकर खाक

बताया जा रहा है कि सूरज एंटरप्राइजेज एक होलसेल बुक और स्टेशनरी दुकान है। दुकान के भीतर बड़ी मात्रा में किताबें, कॉपियां और स्टेशनरी का सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आने से पूरी तरह जल गया।

आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही सामने आएगा।

आग लगने का कारण अभी अज्ञात

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित टीम मामले की जांच में जुटी है। आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से लगी, इसका पता जांच के बाद ही चलेगा।

जनहानि नहीं, पुलिस बल तैनात

राहत की बात यह रही कि इस भीषण आगजनी में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई हैं, जबकि पुलिस बल मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।