कोरबा। भारत विकास परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत के तत्वावधान में प्रांत स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच का भव्य आयोजन स्थानीय श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में किया गया। जिसमें जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए
कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन मुख्य अतिथि के रूप में तथा अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंच पर परिषद के प्रांतीय महामंत्री मुरारी काबरा, राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य धर्मेंद्र कुरेशिया और कोरबा शाखा अध्यक्ष कमलेश यादव भी आसीन थे।
मुख्य अतिथि प्रतीक जैन एवं विशिष्ट अतिथि बजरंग अग्रवाल ने भारत विकास परिषद के इस आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों से नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति प्रेम व गौरव की भावना जागृत होती है और युवाओं को अपने देश की संस्कृति एवं इतिहास की समग्र जानकारी मिलती है।
इससे पूर्व कोरबा शाखा अध्यक्ष कमलेश यादव ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। प्रांतीय महामंत्री मुरारी काबरा और राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य धर्मेंद्र कुरेशिया ने भारत विकास परिषद के उद्देश्यों और सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान नेत्रदान-देहदान प्रकल्प प्रभारी महेश गुप्ता ने इस महादान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनों से नेत्रदान एवं देहदान की घोषणा कर अपना जीवन धन्य बनाने का आह्वान किया।





