कोरबा शहर के श्री राम जानकी मंदिर परिसर, डीडीएम रोड पर रक्षाबंधन और तीज त्यौहार का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की मेजबानी छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने संयुक्त रूप से की।
त्यौहार की उमंग और उत्साह से भरे इस आयोजन में शहर व आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर कार्यक्रम का आनंद उठाया। उत्सव में कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत और उनके सुपुत्र सूरज महंत विशेष रूप से शामिल हुए। इसके साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मंच से सभी मातृशक्ति का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की ओर से उपस्थित सभी महिलाओं को सम्मान स्वरूप वस्त्र (साड़ी) प्रदान कर उनका आशीर्वाद लिया गया। आयोजन स्थल पर पारंपरिक तीज और रक्षाबंधन के भजनों व गीतों के बीच महिलाओं ने बड़े ही हर्षोल्लास के साथ त्यौहार मनाया।









