Acn18. Com.दीपावली के त्योहार पर कोरबा पुलिस ने सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। सोने-चांदी की दुकानों में लूट और उठाईगिरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों की बैठक लेकर विशेष सुरक्षा निर्देश दिए हैं। पुलिस ने साफ कहा है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है।कोरबा में दीपावली के दौरान सराफा बाजारों में बढ़ती भीड़ और कारोबार को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने सराफा एवं ज्वेलरी व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा के उपाय बताए।पुलिस ने दुकानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, बाहर और सड़क की ओर कैमरे लगाने, पैनिक अलार्म और आपातकालीन घंटी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सोने-चांदी और नकदी के परिवहन में विशेष सावधानी बरतने, अकेले या दोपहिया वाहन से कीमती सामान नहीं ले जाने और रास्ता व समय बदलते रहने की सलाह दी है।पुलिस ने कर्मचारियों का सत्यापन कराने और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल थाना या डायल 112 पर सूचना देने की अपील की है।





