Acn18. Com.छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच में EOW ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह राजनांदगांव में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा की 20 सदस्यीय टीम ने दो कारोबारियों के घर और व्यावसायिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ये कारोबारी पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के करीबियों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर से चार गाड़ियों में पहुंची EOW की टीम ने सुबह करीब 7 बजे कार्रवाई शुरू की। पहली टीम ने सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के मकान नंबर 43-44 में दबिश दी, जबकि दूसरी टीम ने लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा के निवास और व्यावसायिक परिसर की तलाशी ली।
बताया जा रहा है कि वैभव गोलछा और जय बग्गा आपस में कारोबारी साझेदार हैं और दोनों के कवासी लखमा के करीबियों से संबंध होने की बात सामने आई है।
EOW की टीम दोनों कारोबारियों के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, संपत्ति के दस्तावेजों के साथ मोबाइल और लैपटॉप जैसे डिजिटल उपकरणों को खंगाल रही है।
फिलहाल कार्रवाई जारी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में शराब घोटाले से जुड़े कौन-कौन से नए आर्थिक कनेक्शन सामने आते हैं।





