Acn18. Com.जांजगीर-चांपा भरत सिंह चौहान
जांजगीर-चांपा जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पुलिस का अभियान जारी है। इसी कड़ी में चांपा थाना क्षेत्र के लायंस स्कूल में यातायात पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यहां छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के साथ साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में निरीक्षक सुभाष चौबे ने विद्यार्थियों को नाबालिगों के वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट और तेज रफ्तार के खतरों से अवगत कराया। साथ ही ऑनलाइन ठगी से बचने और सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने के तरीके बताए।इस दौरान राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को निर्धारित नियमों के तहत 25 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि मिल सकती है। साथ ही उन्हें अनावश्यक कानूनी परेशानियों से सुरक्षा भी दी जाती है।पुलिस ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।





