Acn18. Com.कोरबा में लगातार बारिश के बीच वन्यजीव रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने दो अलग-अलग स्थानों पर विशालकाय अजगरों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। पुरानी बस्ती में बिजली के मीटर बोर्ड के पास 8 फीट लंबा अजगर बैठा मिला, वहीं सी एमपीडीआई कॉलोनी मानिकपुर में भी एक विशालकाय अजगर के पहुंचने से लोगों में दहशत फैल गई। बारिश में भीगते हुए रेस्क्यू टीम ने दोनों अजगरों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।पहली घटना 29 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 9 बजे पुरानी बस्ती की है, जहां बिजली के मीटर बोर्ड के पास 8 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। बिजली के तारों और मीटर के नजदीक अजगर की मौजूदगी से बड़े हादसे का खतरा था। सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया।
वहीं दूसरी घटना रात करीब साढ़े 10 बजे सीएमपीडीआई कॉलोनी मानिकपुर में सामने आई, जहां अजगर के पहुंचने की सूचना पर जितेंद्र सारथी ने टीम के सदस्य बॉबी श्रीवास को भेजा। टीम ने यहां भी अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।दोनों अजगरों को उनके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया। लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच रेस्क्यू टीम के इस प्रयास से बस्ती के लोगों ने राहत की सांस ली।जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल रेस्क्यू टीम को सूचना दें।





