सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट के बाहर ठेका श्रमिकों ने धरना शुरू कर दिया है। बॉयलर हादसे के बाद 200 से अधिक कर्मचारियों को काम से हटाने का आरोप लगाया।
। सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट के सामने ठेका श्रमिक अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। दरअसल हादसे में 25 श्रमिकों की मौत के बाद एनजीएसएल (NGSL) कंपनी के अधीन कार्यरत श्रमिकों को थोक में निकलने और रोजगार समाप्त किए जाने के विरोध में प्रदर्शन हुआ।
200 से अधिक श्रमिकों को किया पृथक
श्रमिकों का कहना है कि, 14 अप्रैल 2026 को प्लांट में हुए भीषण बॉयलर हादसे के बाद से उत्पादन एवं रखरखाव संबंधी कार्य लगभग ठप पड़े हैं और इसके बाद बड़ी संख्या में ठेका कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व सूचना के काम से अलग किया जा रहा है। धरना दे रहे श्रमिकों के अनुसार, एनजीएसएल कंपनी के माध्यम से प्लांट में करीब 400 ठेका कर्मचारी कार्यरत थे। हादसे के बाद 200 से अधिक श्रमिकों को मौखिक रूप से कार्य से पृथक कर दिया गया है।
मांगों को लेकर जमकर किया प्रदर्शन
कर्मचारियों का आरोप है कि, न तो उन्हें लिखित आदेश दिया गया और न ही वैकल्पिक रोजगार की कोई व्यवस्था की गई। इससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। करीब 70 श्रमिकों ने गेट नंबर-1 के सामने एकत्र होकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने कहा कि, जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ये हैं प्रमुख मांगे
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में प्रभावित सभी श्रमिकों को पुनः रोजगार उपलब्ध कराना अथवा नई एजेंसी में समायोजित करना, मई और जून माह का वेतन भुगतान, अतिरिक्त तीन माह का मुआवजा, कार्य अनुभव प्रमाण पत्र एवं एनओसी जारी करना तथा पीएफ, ईएसआईसी और बोनस सहित अन्य लंबित देयों का भुगतान शामिल है।
क्षेत्र में चर्चा का विषय बना यह आंदोलन
गौरतलब है कि, 14 अप्रैल को वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर हादसे में 25 श्रमिकों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से प्लांट की कार्यप्रणाली और श्रमिकों के भविष्य को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अब रोजगार समाप्त किए जाने के विरोध में शुरू हुआ यह आंदोलन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि, मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा




