Home Uncategorized शादी के कुछ महीने बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, फांसी लगाकर...

शादी के कुछ महीने बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, फांसी लगाकर दी जान

0
6

Acn18. Com कोरबा। रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर कॉलोनी से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां 25 वर्षीय युवक लक्ष्मी प्रसाद पटेल ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम पसर गया।

बताया जा रहा है कि घटना रविवार की है। लक्ष्मी प्रसाद के पिता रामायण प्रसाद बाजार गए हुए थे। घर लौटने के बाद लक्ष्मी प्रसाद कुछ देर के लिए बाहर जाने की बात कहकर निकल गया। कुछ समय बाद वह क्वार्टर एम-216 के पास बने कोठा नुमा कमरे में साड़ी से बने फंदे पर लटका मिला।

परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर रजगामार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

परिजनों के मुताबिक, लक्ष्मी प्रसाद पहले भी कई बार खुदकुशी करने की धमकी देता था। कभी पानी की टंकी पर चढ़ जाता था, तो कभी घर से भाग जाता था। हालांकि इस बार उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

घटना के समय उसकी मां और बहन तीर्थ यात्रा पर गई हुई थीं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां वापस लौटने लगीं। परिजनों ने उनके पहुंचने तक शव को करीब दो दिन मर्चुरी में रखा। मंगलवार को मां के लौटने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई।

बताया गया है कि लक्ष्मी प्रसाद की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। पति की मौत के बाद नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अचानक हुई इस मौत से पूरा परिवार सदमे में है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।