Home Uncategorized छात्राओं से मालिश और घरेलू काम कराने का आरोप, कन्या छात्रावास की...

छात्राओं से मालिश और घरेलू काम कराने का आरोप, कन्या छात्रावास की अधीक्षिका निलंबित

0
7

Acn18. Comकोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा स्थित 100 सीटर कन्या छात्रावास से सामने आए गंभीर आरोपों के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। छात्राओं से मालिश करवाने, निजी घरेलू काम लेने और अभद्र व्यवहार के आरोपों की जांच के बाद छात्रावास की अधीक्षिका शारदा नेताम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

दरअसल, 6 अगस्त को अधीक्षिका के कथित व्यवहार से परेशान छात्राओं ने मुख्य सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया था। छात्राओं ने अधीक्षिका को हटाने और नई अधीक्षिका नियुक्त करने की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम ने तीन वरिष्ठ प्राचार्यों की जांच समिति गठित की। समिति ने छात्रावास पहुंचकर छात्राओं के बयान लिए और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जांच रिपोर्ट में अधीक्षिका का छात्राओं के प्रति व्यवहार उचित नहीं पाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, छात्राओं से मालिश करवाने और निजी घरेलू काम लेने के आरोप भी सही पाए गए।

जांच में छात्रावास की भोजन व्यवस्था को लेकर भी गंभीर कमियां सामने आईं। छात्राओं को मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने और खाने की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं होने की बात रिपोर्ट में सामने आई।

इसके अलावा छात्रावास परिसर में देर रात तक पूजा-पाठ और घंटी बजाने से छात्राओं की पढ़ाई और नींद प्रभावित होने की बात भी जांच में कही गई है।

जांच रिपोर्ट और जिला शिक्षा अधिकारी के प्रस्ताव के आधार पर बिलासपुर संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा ने शारदा नेताम के कृत्यों को गंभीर कदाचार मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत निलंबन की कार्रवाई की है।

निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा, जबकि उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पोड़ी उपरोड़ा निर्धारित किया गया है।

अब शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं पर भी निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।