Home छत्तीसगढ़ नारायणपुर में नक्सलियों पर बड़ा प्रहार: 1.01 करोड़ कैश, 28 हथियार और...

नारायणपुर में नक्सलियों पर बड़ा प्रहार: 1.01 करोड़ कैश, 28 हथियार और भारी विस्फोटक बरामद

0
5

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों को सर्चिंग अभियान के दौरान बड़ी कामयाबी मिली है। सरेंडर किए गए नक्सलियों की निशानदेही पर अबूझमाड़ के महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र से 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपए नकद के साथ भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस द्वारा ‘माड़ बचाओ अभियान’ के तहत चलाए जा रहे विशेष नक्सल उन्मूलन अभियान में यह सफलता मिली है। ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत खुफिया तंत्र के आधार पर संचालित संयुक्त कार्रवाई में कुल 28 विभिन्न प्रकार के हथियार और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।

सुरक्षा बलों की अपील
पुलिस, डीआरजी और केंद्रीय सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई से नारायणपुर जिला धीरे-धीरे नक्सलमुक्त होने की ओर बढ़ रहा है। सुरक्षाबलों ने आम जनता और ग्रामीणों से अपील की है कि जंगलों में छिपाए गए हथियार, विस्फोटक या संदिग्ध वस्तुओं की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

एसपी ने दी अहम जानकारी
नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में कुल 270 हथियारों की रिकवरी की जा चुकी है। यह आंकड़ा क्षेत्र में बढ़ते विश्वास, शांति और विकास की दिशा में सकारात्मक संकेत दे रहा है।

फिलहाल, सुरक्षाबल इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और आने वाले दिनों में और बड़ी सफलताओं की उम्मीद जताई जा रही है।