
पेंड्रा-कोरबा-मनेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रेत से भरी एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ टूटकर गिर गया और पास से गुजर रही हाइटेंशन बिजली लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस हादसे में चालक बाल-बाल बच गया और उसे मामूली चोटें आई हैं, जबकि ट्रेलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने सुरक्षा की दृष्टि से हादसे वाली जगह को साड़ी से घेरा बनाकर आवागमन सुरक्षित कराया और पेड़ को काटकर किनारे करने की कोशिश करते हुए नजर आए।
*अवैध परिवहन पर सवाल:*
इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में चल रहे अवैध रेत परिवहन की ओर ध्यान खींचा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिनमें अधिकांश रेत से भरे ट्रेलर होते हैं।
*प्रशासन की चुप्पी:*
ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। यही वजह है कि बिना किसी भय के तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाए जा रहे हैं, जो आए दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं।
हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह घटना प्रशासन के लिए चेतावनी है। यदि समय रहते अवैध परिवहन पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो भविष्य में बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता…..





