Acn18. Com.भरत सिंह चौहान, जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग में महिला आरक्षक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। महिला आरक्षक ने आरआई प्रदीप जोशी पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में महिला आरक्षक पुलिस की वर्दी में पुलिस लाइन परिसर और बाथरूम की सफाई करती नजर आ रही हैं।
महिला आरक्षक का आरोप है कि वह पिछले दो दिनों से आमद देने के लिए आरआई से मुलाकात कर रही हैं, लेकिन उनकी आमद लेने में कथित तौर पर आनाकानी की जा रही है। उनका कहना है कि उनसे काम तो कराया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें ज्वाइनिंग नहीं दी जा रही।
वायरल वीडियो में महिला आरक्षक रोते हुए अपनी परेशानी बयां कर रही हैं। वहीं वीडियो में आरआई के कार्यालय के अंदर स्थित बाथरूम की सफाई का दृश्य भी दिखाया गया है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। उप पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैडन यार्क ने महिला आरक्षक और आरआई दोनों से जवाब तलब किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही महिला आरक्षक के आरोपों की सच्चाई सामने आएगी और दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।





