
कोरबा जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
सबसे ज्यादा असर बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर देखने को मिला। पोड़ी उपरोड़ा के पास हाईवे पर घुटनों तक पानी भर गया। पानी भरने से दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
हाईवे पर गाड़ियां रेंग-रेंग कर चलने को मजबूर हुईं। कई बाइकें पानी में फंस गईं, जिन्हें लोगों ने धक्का देकर बाहर निकाला। छोटे वाहन चालकों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर बाद पानी का बहाव कम होने पर जाम खुलवाया गया।
तेज बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बन गई है। नाले-नालियां उफान पर हैं।




