Acn18.com/कोरिया जिले में राजस्व पटवारियों का आंदोलन अब व्यापक रूप लेता नजर आ रहा है। पटवारियों की लंबित मांगों और आंदोलन के दौरान की जा रही दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में अब छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन भी खुलकर उनके समर्थन में उतर आया है। फेडरेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सैकड़ों की संख्या में बाइक रैली निकालकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने प्रेमाबाग मंदिर परिसर से बाइक रैली की शुरुआत की, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। नारेबाजी करते हुए रैली कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर बढ़ रही थी, लेकिन प्रशासन ने कलेक्ट्रेट से काफी पहले ही ओड़गी नाका के पास बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने मौके पर ही धरना-प्रदर्शन किया और नायब तहसीलदार बैकुंठपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने आंदोलन के दौरान राजस्व पटवारियों के खिलाफ की गई सभी दंडात्मक कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। इसके साथ ही पटवारियों की लंबित मांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक पहल करते हुए सम्मानजनक समाधान निकालने की बात कही गई है।ज्ञापन में प्रदेश के शासकीय सेवकों के लिए लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) का भुगतान देय तिथि से एरियर्स सहित करने की मांग को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है।
इस प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक डॉ. आर.एस. चंदेल और पटवारी संघ के योगेश गुप्ता ने अपनी बात रखी। फेडरेशन का कहना है कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, ऐसे में लंबित भत्ते और जायज मांगों के लिए कर्मचारी आंदोलन करने को विवश हैं। शासन को दंडात्मक कार्रवाई का रास्ता अपनाने के बजाय कर्मचारियों के साथ संवाद स्थापित कर समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निराकरण करना चाहिए।
कर्मचारी संगठनों की इस एकजुटता और प्रदर्शन के बाद अब सभी की नजरें सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
राजस्व पटवारियों के आंदोलन को मिला फेडरेशन का साथ, एरियर्स सहित महंगाई भत्ता और कार्रवाई वापसी की मांग को लेकर प्रदर्शन





