Acn18.com/छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला की पहाड़ियों में एनएमडीसी की खनन गतिविधियों से निकला लाखों टन लाल खनिज अपशिष्ट यानी टीलिंग्स अब आफत बनकर टूट पड़ा है।
टीलिंग्स का विशाल पहाड़ खिसकने से आसपास के जंगलों और ग्रामीण रास्तों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। हालात ये हैं कि लोहागांव को किरंदुल से जोड़ने वाला रास्ता भी मलबे में दब गया है। पिछले दो दिनों से लगातार मलबा खिसकने से ग्रामीण भयभीत हो चले हैं
ग्रामीणों ने दावा किया है कि करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र में टीलिंग्स का मलबा फैल चुका है और लाखों पेड़-पौधे इसकी चपेट में आकर नष्ट हो गए हैं। हालांकि, पर्यावरणीय नुकसान का वास्तविक आंकड़ा अभी सामने आना बाकी है।इस घटना ने एनएमडीसी की टीलिंग्स डंपिंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।आरोप है कि टीलिंग्स के रखरखाव और तकनीकी निगरानी में लापरवाही बरती गई। यूनियनों के विरोध के बावजूद निजी कंपनी को ठेका दिए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में खनिज अपशिष्ट का ढेर कैसे खिसक गया और इसकी जिम्मेदारी किसकी है?
वहीं, सुरक्षा कारणों का हवाला देकर प्रभावित क्षेत्र में अधिकारियों और मीडिया की पहुंच सीमित होने की बात सामने आई है। दूसरी ओर, ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित है और जंगलों को हुए नुकसान को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।फिलहाल इस पूरे मामले में स्वतंत्र तकनीकी जांच, पर्यावरणीय नुकसान का आकलन और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि बैलाडीला से निकलने वाले लोहे से करोड़ों का कारोबार करने वाली व्यवस्था के खनिज अपशिष्ट का खामियाजा आखिर स्थानीय ग्रामीण और जंगल क्यों भुगतें?क्या एनएमडीसी प्रबंधन इस नुकसान की जिम्मेदारी लेगा? या फिर जंगलों में दबता यह लाल मलबा भी कुछ दिनों बाद फाइलों में दबकर रह जाएगा?





