Acn18.com/बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सब्जी विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान देने के उद्देश्य से वर्ष 2018-19 में वार्ड क्रमांक 10 में 40 लाख 66 हजार रुपये की भारी-भरकम लागत से डेली सब्जी बाजार का निर्माण कराया गया था। इसके तहत बाजार हाट, चबूतरा, इंटरलॉकिंग टाइल्स और चैन लिंक फेंसिंग जैसे कार्य कराए गए थे। इसके बावजूद, आज भी सब्जी बाजार मुख्य सड़क के किनारे ही लग रहा है, जिससे लाखों रुपये की सरकारी योजना धूल फांकती नजर आ रही है।
सड़क किनारे दुकानें लगने के कारण मुख्य मार्ग संकरा हो गया है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। रोजाना आवाजाही करने वाले आम नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जब इस अव्यवस्था को लेकर फुटकर सब्जी विक्रेताओं से बात की गई, तो उन्होंने इसके पीछे ग्राहक न मिलने और बुनियादी सुविधाओं की कमी को मुख्य कारण बताया।
सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि नगर पालिका द्वारा बनाया गया बाजार हाट शेड एकदम कोने में स्थित है, जहां खरीदारी के लिए ग्राहक नहीं पहुंचते। छोटे व्यापारियों के मुताबिक, वे अपने घरों से थोड़ी-बहुत सब्जी लाकर दिनभर बैठते हैं, तब जाकर बमुश्किल 200 से 500 रुपये तक की बिक्री हो पाती है। ऐसे में यदि वे कोने में बने शेड में जाकर बैठेंगे, तो ग्राहक न आने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो जाएगा। चूंकि सभी विक्रेता सड़क किनारे ही दुकान लगाते हैं, इसलिए ग्राहक भी यहीं आते हैं और मजबूरन उन्हें भी यहीं बैठना पड़ता है।
कोरिया जिले में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ऐसे में यह समस्या एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनती दिख रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस ओर कब ध्यान देता है और कौन सा जनप्रतिनिधि इस समस्या के ठोस समाधान के साथ जनता के बीच अपनी दमदारी दिखाता है।





