सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक गार्ड द्वारा बस के अंदर पहुंचकर ड्राइवर के साथ विवाद करने, बंदूक तानने और मारपीट करने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना बिश्रामपुर थाना क्षेत्र की है। हालांकि, वायरल वीडियो की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।
बस में मचा अफरा-तफरी का माहौल
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि गार्ड बस में चढ़कर ड्राइवर से विवाद करता है और कथित तौर पर उसके ऊपर बंदूक तान देता है। इसके बाद वह ड्राइवर के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है।
घटना के दौरान बस में सवार यात्रियों के बीच डर का माहौल बन गया। यात्री सहमे हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक महिला भी भयभीत नजर आ रही है, जिसके बाद सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद जांच की मांग
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग मामले की जांच और दोषी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
घटना की सच्चाई जांच के बाद आएगी सामने
वायरल वीडियो की जांच और घटना से जुड़े तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद किस वजह से हुआ और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।





