Home KORBA प्रदेश भाजपाध्यक्ष की चोटें गंभीर : गुरुग्राम के मदांता हास्पिटल में कराए...

प्रदेश भाजपाध्यक्ष की चोटें गंभीर : गुरुग्राम के मदांता हास्पिटल में कराए गए भर्ती, ICU में चल रहा है इलाज

0
5

 

छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल होकर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। ICU में इलाज जारी, झांसी-ललितपुर के बीच हुआ था हादसा।

 

छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव हुए हादसे का शिकार

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे में उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

 

 

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल के दूसरी मंजिल स्थित आईसीयू में भर्ती किया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

 

आधिकारिक जानकारी का इंतजार

वहीं भाजपा नेताओं और समर्थकों द्वारा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। हादसे के कारणों और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अधिकृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही अस्पताल या परिवार की ओर से आधिकारिक अपडेट जारी होगा, उसके आधार पर आगे की जानकारी सामने आएगी।

 

झांसी और ललितपुर के बीच हुई थी दुर्घटना

 

उल्लेखनीय है कि, किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने निजी कार्यक्रम के तहत बागेश्वर धाम गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय उनकी कार झांसी और ललितपुर के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि सफर के दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पास से गुजर रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार किरण सिंह देव घायल हो गए।

झांसी मेडिकल कॉलेज में कराया गया था भर्ती

हादसे के समय उनके साथ सुरक्षा में तैनात पीएसओ (PSO) भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था