Acn18. Com.कोरबा में छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर की नई रेल लाइन का काम अब कबाड़ चोर गिरोह के निशाने पर है। बांकी मोंगरा के बाद जटगा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने एक किराए के मकान से भारी मात्रा में रेलवे की कटी हुई पटरी बरामद की है। मामले में मकान में रहने वाला संदिग्ध युवक पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया।
जटगा चौकी के बरबसपुर गांव में पुलिस ने दबिश देकर एक पक्के मकान से करीब 6.5 टन यानी 6 हजार 480 किलो वजनी 36 नग रेलवे पटरी बरामद की है।मौके से स्वराज माजदा वाहन, ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस सिलेंडर, गैस कटर और अन्य औजार भी जब्त किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि मकान मालिक आखिर लाल ने अपना मकान राजू कुमार नामक युवक को किराए पर दिया था। राजू छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर में चल रहे नए रेल लाइन के काम से जुड़ी एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही वह मौके से फरार हो गया।पुलिस ने रेलवे विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी है। बरामद रेल पटरी किस कंपनी के काम से जुड़ी है और चोरी कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने रेलवे सामग्री जब्त कर जांच शुरू कर दी है और फरार संदिग्ध की तलाश जारी है। माना जा रहा है कि आरोपियों के पकड़े जाने के बाद रेलवे पटरी चोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।





