रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और सकारात्मक चर्चा के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा कर दी है। आज मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की, जिसके बाद सरकार के सकारात्मक रुख को देखते हुए संघ ने हड़ताल वापस लेने का फैसला लिया।

उच्चस्तरीय समिति करेगी मांगों का परीक्षण
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पटवारियों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और वेतन विसंगति तथा पदोन्नति से जुड़ी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति मांगों के विभिन्न पहलुओं की जांच कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।
हड़ताल अवधि की कार्यवाहियों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार
मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि हड़ताल के दौरान हुई कार्यवाहियों के संबंध में सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से होना चाहिए, क्योंकि राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने समिति गठन के निर्देश और सकारात्मक पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है।





