सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश ने राज्य के शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं गैर-अनुदान प्राप्त स्कूलों में घोषित दीपावली अवकाश की अवधि बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में समाज के प्रांताध्यक्ष रमेश यदु द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को पत्र भेजा गया है।
सर्व यादव समाज ने पत्र में ध्यान आकर्षित कराया है कि छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में दीपावली अवकाश 6 नवंबर 2026 से 10 नवंबर 2026 तक तय किया गया है।
सर्व यादव समाज के अनुसार, छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा के दूसरे और तीसरे दिन (इस वर्ष 11 और 12 नवंबर) पारंपरिक त्यौहार ‘मातर’ हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है, जिसे सभी वर्ग के लोग मिलकर मनाते हैं। इसके साथ ही पूरे उत्तर भारत सहित राज्य में 11 नवंबर 2026 को भाई दूज का पर्व भी पड़ रहा है।
समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि 11 नवंबर को अवकाश न होने की स्थिति में मातर त्यौहार और भाई दूज का उत्साह प्रभावित हो सकता है। इसी जनभावना और स्थानीय परंपराओं को ध्यान में रखते हुए सर्व यादव समाज ने शासन से दीपावली अवकाश में 2 दिनों की वृद्धि करते हुए 11 नवंबर एवं 12 नवंबर 2026 को भी छुट्टी घोषित करने का निवेदन किया है।





