वृंदावन। प्रसिद्ध संत Premanand Maharaj की तबीयत बिगड़ने के कारण उनकी रात्रि पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। इसके साथ ही महाराजजी के एकांतिक दर्शन भी फिलहाल बंद कर दिए गए हैं।
रविवार रात हजारों की संख्या में भक्त महाराजजी के दर्शन के लिए पहुंचे थे, लेकिन वे हर दिन की तरह तड़के 3 बजे पदयात्रा पर नहीं निकले। उनकी जगह आश्रम के शिष्य पहुंचे और लाउडस्पीकर के जरिए भक्तों को जानकारी दी गई।
शिष्यों ने घोषणा करते हुए कहा कि महाराजजी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, इसलिए आज से पदयात्रा रद्द की जा रही है। साथ ही श्रद्धालुओं से रोड किनारे भीड़ न लगाने की अपील भी की गई।
अचानक मिली इस सूचना के बाद दूर-दराज से आए भक्त मायूस होकर लौट गए। केली कुंज आश्रम के अनुसार, प्रेमानंद महाराज पिछले 21 वर्षों से किडनी संबंधी समस्या से जूझ रहे हैं।
भक्तों ने की जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना
महाराजजी के दर्शन नहीं होने से श्रद्धालु भावुक नजर आए। बाराबंकी से पहुंचे श्रद्धालु राजू गुप्ता ने कहा कि वे राधा रानी से महाराजजी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं, ताकि फिर से उनके दर्शन हो सकें।
वहीं पुष्पा गुप्ता ने बताया कि वे परिवार के साथ दर्शन के लिए आई थीं, लेकिन दर्शन नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि अब अगली बार दर्शन कब होंगे, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
कृति गुप्ता ने भी महाराजजी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
रोज डेढ़ किलोमीटर पैदल करते हैं पदयात्रा
जानकारी के मुताबिक, संत प्रेमानंद महाराज प्रतिदिन तड़के 3 बजे केली कुंज आश्रम से सौभरी वन तक पदयात्रा करते हैं। यह यात्रा करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी होती है। उनके दर्शन के लिए रोज हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। आम दिनों में करीब 20 हजार लोग दर्शन के लिए आते हैं, जबकि वीकेंड और बड़े पर्वों पर यह संख्या लाखों तक पहुंच जाती है।




