Home छत्तीसगढ़ नशा रोकने की जिम्मेदारी, सरकारी वाहन से शराब लेने पहुंचे डायल 112...

नशा रोकने की जिम्मेदारी, सरकारी वाहन से शराब लेने पहुंचे डायल 112 कर्मी! VIDEO वायरल

0
6

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में डायल 112 के सरकारी वाहन से शराब खरीदने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां डायल 112 वाहन में तैनात कर्मचारी कथित तौर पर शासकीय वाहन से लटोरी स्थित अंग्रेजी शराब दुकान पहुंचकर शराब खरीदते नजर आ रहे हैं।

सरकारी वाहन से शराब लेने का VIDEO वायरल

जानकारी के मुताबिक, डायल 112 वाहन चालक किसी मामले से लौटने के दौरान कथित तौर पर सरकारी वाहन लेकर लटोरी स्थित शराब दुकान पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ ग्रामीण युवकों ने वाहन और कर्मचारी का वीडियो बना लिया।

वीडियो में शासकीय वाहन शराब दुकान के पास खड़ा दिखाई दे रहा है। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

नशा रोकने की जिम्मेदारी, फिर सरकारी वाहन से शराब लेने का आरोप

डायल 112 सेवा का उद्देश्य आपात स्थिति में लोगों को पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। वहीं पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार नशे के खिलाफ अभियान चलाए जाते हैं। ऐसे में सरकारी वाहन से शराब खरीदने का कथित वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस बोली- जांच जारी, दोषी मिले तो होगी कार्रवाई

वहीं वायरल वीडियो को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वीडियो और घटनाक्रम की जांच के बाद यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे कर्मचारी की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।