Home छत्तीसगढ़ Pendra News: छात्राओं की शिकायतें सही मिलीं, सेमरदर्री आदिवासी कन्या छात्रावास की...

Pendra News: छात्राओं की शिकायतें सही मिलीं, सेमरदर्री आदिवासी कन्या छात्रावास की प्रभारी अधीक्षिका हटाई गईं

0
5

पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही विकासखंड स्थित सेमरदर्री प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास में छात्राओं द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद प्रभारी अधीक्षिका ऋतु गुप्ता को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है।

छात्राओं ने लगाए थे गंभीर आरोप

छात्राओं ने छात्रावास की प्रभारी अधीक्षिका पर खराब भोजन उपलब्ध कराने, दुर्व्यवहार करने, निजी कार्य करवाने तथा छात्रावास में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

छात्राओं का कहना था कि उन्हें समय पर नाश्ता नहीं दिया जाता था, भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब रहती थी और कई बार खाने में कीड़े तक पाए गए। इसके अलावा साबुन जैसी आवश्यक सामग्री भी नियमित रूप से उपलब्ध नहीं कराई जाती थी।

अलग भोजन बनाने और बर्तन धुलवाने का भी आरोप

छात्राओं ने आरोप लगाया कि अधीक्षिका अपने लिए अलग भोजन बनवाती थीं, जबकि छात्राओं को निम्न गुणवत्ता का भोजन दिया जाता था। इतना ही नहीं, भोजन के बाद बर्तन भी छात्राओं से धुलवाए जाते थे। शिकायत करने पर उन्हें डराया-धमकाया गया और शिकायत वापस लेने के लिए पुलिस कार्रवाई की चेतावनी तक दी गई।

जांच में सही पाए गए आरोप

मामले को गंभीरता से लेते हुए आदिवासी विकास विभाग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के सहायक आयुक्त गोपेश मनहर ने जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान छात्राओं के बयान दर्ज किए गए, जिसमें शिकायतों की पुष्टि हुई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने प्रभारी अधीक्षिका ऋतु गुप्ता को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करते हुए उनके मूल पदस्थापना स्थल प्राथमिक शाला बालक, सिवनी में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी किए हैं।

नई प्रभारी अधीक्षिका को मिला अतिरिक्त प्रभार

विभागीय आदेश के अनुसार, प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास बंशीताल की प्रभारी अधीक्षिका बर्नाडीन तिर्की को सेमरदर्री छात्रावास का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।