
कोतवाली थाना क्षेत्र के केदारपुर में शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दवा लेने जा रही 24 वर्षीय युवती के साथ सरेआम बदमाशों ने छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसके भाई को बुरी तरह पीटा। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई।
जानकारी के मुताबिक युवती अपने भाई के साथ स्कूटी से दवा लेने जा रही थी। तभी रास्ते में कुछ युवकों ने स्कूटी रोककर युवती को खींच लिया और उसके साथ अभद्रता की। जब भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया।
पीड़िता भाई की जान बख्शने के लिए आरोपियों से गिड़गिड़ाती रही, लेकिन बदमाश बेरहमी से पीटते रहे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज सामने आने के बाद शहर में दहशत का माहौल है। लोगों में भारी आक्रोश है।
पीड़ित युवती की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अतुल ताम्रकार सहित 5 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी रसूखदार हैं और पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोतवाली पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी लोग नाराजगी जता रहे हैं।
एएसपी ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




