
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गुरुवार को पूरा कोरबा शहर अलग-अलग नजर आया। सड़कों पर पानी भर गया, निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। इसी बीच एक फोन मिलते ही मैदान में उतरीं महापौर *श्रीमती संजू देवी राजपूत* ने “नायक” फिल्म की तर्ज पर जमीन पर उतरकर मोर्चा संभाल लिया।
*एक फोन पर पहुंचीं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश*
जैसे ही महापौर को BALCO और दर्री क्षेत्र में जलभराव की सूचना मिली, वे बिना देर किए पार्षदगण और नगर निगम अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को तत्काल पंप लगाकर पानी निकासी, नालियों की सफाई और राहत सामग्री उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा _”किसी भी वार्ड में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। रात-दिन टीम मैदान में रहे।”_
*लोगों के बीच पहुंचकर बढ़ाया हौसला*
महापौर के आम लोगों के बीच पहुंचने से जलभराव से परेशान नागरिकों को बड़ा सहारा मिला। लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे महापौर के सामने रखीं। महापौर ने मौके पर ही अधिकारियों को समस्या का समाधान करने को कहा।
स्थानीय लोगों का कहना था _”जब तक नेता घर में बैठे रहते हैं तब तक दिक्कत होती है। आज महापौर खुद पानी में उतरकर आईं, इससे हमें हिम्मत मिली है।”_
*नगर निगम की टीम अलर्ट*
महापौर ने कहा कि नगर निगम की टीम पूरी तत्परता से काम कर रही है। जलभराव वाले सभी पॉइंट्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जाएंगे।
तेज बारिश के बीच महापौर का इस तरह जमीन पर उतरकर काम करना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।





