Home छत्तीसगढ़ धमतरी में खाद दुकानों पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो लाइसेंस...

धमतरी में खाद दुकानों पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो लाइसेंस निलंबित, दो को नोटिस

0
3

धमतरी। किसानों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने धमतरी एवं कुरुद क्षेत्र की खाद दुकानों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान कुल 13 खाद दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 4 दुकानों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर कृषि विभाग ने दो खाद दुकानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए। वहीं, दो अन्य दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई किसानों की शिकायतों और खाद वितरण में अनियमितताओं की जानकारी मिलने के बाद की गई। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रिकॉर्ड, लाइसेंस संबंधी दस्तावेज और उर्वरकों के भंडारण की भी जांच की गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद की कालाबाजारी, निर्धारित नियमों के उल्लंघन और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।