Home Astrology शराब पार्टी में झगड़ा : नशे के सुरूर में शुरू हुए विवाद...

शराब पार्टी में झगड़ा : नशे के सुरूर में शुरू हुए विवाद ने लिया खूनी रूप, आठ युवकों ने मिलकर दोस्त को मार डाला

0
2

धमतरी के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में युवक की कथित रूप से पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में एक और सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। ग्राम डाही में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि वारदात में मृतक के साथ मौजूद उसके ही साथी शामिल हैं। मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार ग्राम डाही निवासी हुलास मंडावी सोमवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच गांव के शीतला मंदिर के पास स्थित टावर क्षेत्र में कुछ युवकों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर हुलास और उसके एक साथी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन नशे की हालत में हुलास ने कथित तौर पर साथियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

पत्थर से हमला, मौके पर हुई मौत

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विवाद के बाद युवकों ने हुलास के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद उसके सिर पर पत्थर से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

रातभर चली पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं रात में ही घटना से जुड़े कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।

आठ लोगों की भूमिका की जांच, दो नाबालिग भी संदेह के घेरे में

पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में करीब आठ लोगों की भूमिका सामने आई है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में दो युवकों को मुख्य आरोपी और अन्य को सह-आरोपी के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा