Acn18.comरायपुर/छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हो चुका है। यहाँ मुख्य मंच से लेकर शिल्पग्राम, मीना बाजार और ‘खाना खजाना’ जोन तक हर तरफ उत्सव का अभूतपूर्व उल्लास और भारी जनसैलाब देखने को मिल रहा है।

मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
राज्योत्सव के मुख्य मंच से रोजाना प्रस्तुत किए जा रहे एक से बढ़कर एक शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया है। स्थानीय कलाकारों के संगीत और लोकनृत्यों की धुनों से पूरा परिवेश संगीतमय हो गया है। मुख्य मंच के आसपास और शिल्पग्राम में बनाए गए सेल्फी पॉइंट्स पर युवाओं व परिवारों में तस्वीरें लेने का विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
‘खाना खजाना’ जोन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की बहार
उत्सव स्थल पर बनाए गए ‘खाना खजाना’ जोन में नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। यहाँ किफायती दरों पर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों—जैसे फरा, चीला, चौसेला, मुंगोड़ी बड़ा, साबूदाना बड़ा के साथ-साथ विभिन्न फास्ट फूड्स और लजीज नाश्तों की भरमार है। खास बात यह है कि खान-पान के इस जोन में स्वच्छता (हाइजीन) का विशेष ध्यान रखा गया है, जहाँ परिवार के साथ पहुँचे लोग लजीज पकवानों का आनंद उठा रहे हैं।
विकास और योजनाओं का आईना बने विभागीय स्टॉल्स
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को आम जनता तक पहुँचाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें खनिज संसाधन, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, जनसंपर्क, वन एवं जलवायु परिवर्तन सहित बालको, एसईसीएल, एनटीपीसी, बीएसएनएल और भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रमुख उपक्रमों के स्टॉल शामिल हैं। ये स्टॉल अपनी अनूठी प्रस्तुतियों और जानकारियों के माध्यम से आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। वहीं, मीना बाजार में बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए भी बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं।





