जशपुर। जिले के पत्थलगांव सब्जी मंडी में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस घटना में आधा दर्जन से अधिक झोपड़ीनुमा दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात अज्ञात कारणों से सब्जी मंडी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। दुकानों में रखी सब्जियां भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
यह घटना पत्थलगांव शहर की सब्जी मंडी क्षेत्र की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।
स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर आक्रोश और मायूसी का माहौल है।




