बलरामपुर। जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया है। यह कार्रवाई राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, छात्रावास की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर कई मकान बनाए गए थे। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अब तक 9 घरों को ध्वस्त कर दिया है।
अधिकारियों के मुताबिक, कुल 17 अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया जारी है। इनमें छात्रावास की भूमि सहित तीन गांवों में किए गए अतिक्रमण शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी अवैध कब्जे को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।




