Acn18. Com.कोरबा के बलगी कॉलोनी में चोर कहकर बदनाम करने की बात पर विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक पर तलवार से हमला कर दिया गया। आरोप है कि दो सगे भाइयों ने पहले युवक से मारपीट की और फिर एक भाई ने तलवार से वार कर दिया। मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक निखिल बंजारे को जानकारी मिली थी कि मोहल्ले का योगेश कुमार साहू उसे चोर कहकर बदनाम कर रहा है। 10 अक्टूबर को दशहरा मैदान में दोनों का आमना-सामना हुआ। निखिल ने जब इस बारे में सवाल किया, तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि योगेश ने गाली-गलौज करते हुए निखिल से मारपीट की।इसी दौरान योगेश का बड़ा भाई प्रशांत साहू तलवार लेकर मौके पर पहुंचा और निखिल पर हमला कर दिया। निखिल ने प्रशांत का गला पकड़ लिया, जिससे वह दोबारा वार नहीं कर सका।पुलिस ने प्रशांत की निशानदेही पर तलवार और मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपी प्रशांत कुमार साहू, उम्र 23 वर्ष, और योगेश कुमार साहू, उम्र 20 वर्ष, को गिरफ्तार कर कटघोरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां पुलिस ने 24 अक्टूबर तक रिमांड की मांग की है। वहीं, मामले में प्रार्थी निखिल के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।





