Home देश दुनिया BIG BREAKING: कर्नाटक में 10 मई को चुनाव, 13 मई को नतीजे:1...

BIG BREAKING: कर्नाटक में 10 मई को चुनाव, 13 मई को नतीजे:1 अप्रैल को 18 साल के हो रहे युवा भी मतदान कर सकेंगे

0
143

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 10 मई को होंगे। नतीजे 13 मई को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को कहा कि वोटिंग एक चरण में कराई जाएगी। कर्नाटक में 5.21 करोड़ मतदाता हैं, जो 224 विधानसभा सीटों पर मतदान करेंगे। 9.17 लाख वोटर्स पहली बार वोट डालेंगे।

राजीव कुमार ने कहा कि हमने एक प्रोसेस पहले शुरू की थी। इसके तहत जो लोग 1 अप्रैल को 18 साल के होंगे, वो भी वोट डाल सकेंगे। इसके लिए हमने एडवांस एप्लीकेशन मंगवा ली थीं।

राज्य में मौजूदा भाजपा सरकार का कार्यकाल 24 मई को खत्म हो रहा है। इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और JDS के बीच रहेगा। पिछली बार JDS-कांग्रेस साथ थी, लेकिन इस बार JDS अलग चुनाव लड़ेगी।

4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होंगे
इसके अलावा पंजाब और यूपी समेत 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर भी 10 मई को उपचुनाव होंगे। नतीजे 13 मई को आएंगे। पंजाब की जालंधर, ओडिशा की झारसुगुड़ा, उत्तर प्रदेश की छानबे और स्वार, मेघालय की सोहियोंग सीट पर उप-चुनाव होंगे। हालांकि, चुनाव आयोग ने राहुल गांधी की वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा नहीं की।

5 साल में 3 CM, पहले JDS-कांग्रेस, फिर भाजपा की सरकार
कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटें हैं। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को 104, कांग्रेस को 78 और JDS ने 37 सीटें जीती थीं। किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था। येदियुरप्पा ने 17 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और सदन में बहुमत साबित नहीं करने के कारण 23 मई को इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कांग्रेस-JDS की गठबंधन सरकार बनी।

14 महीने बाद कर्नाटक की सियासत ने फिर करवट ली। कांग्रेस और JDS के कुछ विधायकों की बगावत के बाद कुमारस्वामी को कुर्सी छोड़नी पड़ी। इन बागियों को येदियुरप्पा ने भाजपा में मिलाया और 26 जुलाई 2019 को 219 विधायकों के समर्थन के साथ CM बीएस येदियुरप्पा बने, लेकिन 2 साल बाद ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया। बसवराज बोम्मई को यहां का मुख्यमंत्री बना दिया गया।

2018 कर्नाटक विधानसभा चुनाव सबसे महंगा था
कर्नाटक में 12 मई 2018 को 222 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई थी। जिसमें 5.06 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से रिकॉर्ड 72.13 प्रतिशत ने मतदान किया था। सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज ने अपने सर्वे में इसे सबसे महंगा चुनाव बताया था। कर्नाटक चुनाव में करीब 10 हजार 500 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे।

सबसे ज्यादा सीटें मुंबई-कर्नाटक और दक्षिणी कर्नाटक में हैं
224 विधानसभा सीटों वाला कर्नाटक 6 अलग-अलग हिस्सों में बंटा हुआ है। बेंगलुरु, सेंट्रल, तटीय, हैदराबाद-कर्नाटक, मुंबई-कर्नाटक और दक्षिणी कर्नाटक। मुंबई-कर्नाटक और दक्षिण कर्नाटक सबसे बड़े हिस्से हैं। मुंबई-कर्नाटक (50) और दक्षिण कर्नाटक (51) में 101 सीटें हैं।

error: Content is protected !!