रिपोर्टर नीरज शुक्ला
सिंगरौली: सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र में शुक्रवार को विंध्यनगर-बैढ़न मार्ग में संचालित महाराष्ट्र बैंक में डकैती के बाद पुलिस मप्र-उप्र सीमा पर हाई अलर्ट नजर आई। बैढ़न थाना प्रभारी कमल नयन दुबे ने बताया कि घटना में दो मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल किया गया। एक नीले रंग की अपाचे बाइक पर तीन आरोपित सवार थे, जबकि दूसरी काले रंग की बाइक पर दो बदमाश थे। बदमाशों के पास लूटे गए कैश और जेवरात से भरे बैग थे। सीसीटीवी फुटेज में सभी आरोपी पतले-दुबले, हल्की दाढ़ी वाले नजर आ रहे हैं। एक आरोपी ने नीली शर्ट पहनी है, जबकि दूसरे ने आसमानी रंग की शर्ट और हेलमेट लगा रखा है। यूपी और छत्तीसगढ़ पुलिस भी बार्डर पर जांच कर रही है। सोनभद्र में सीमावर्ती क्षेत्रों में भी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए सघन जांच की जा रही है।
जानकारी मुताबिक बैंक के अंदर घुसते ही बदमाशों ने हथियार लहराते हुए सभी कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर कब्जे में ले लिया। किसी को भी हिलने-डुलने तक की इजाजत नहीं दी। बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की, ताकि कोई उनका विरोध न कर सके। इस दौरान बैंक में मौजूद ग्राहकों को भी जमीन पर बैठा दिया गया और किसी को मोबाइल निकालने तक की अनुमति नहीं दी गई। लूट के बाद उनके भागने का तरीका इतना सुनियोजित था कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे इलाके से निकल चुके थे।
यूपी-एमपी बार्डर पर हाई अलर्ट, बीजपुर में पुलिस की सघन नाकेबंदी: मध्यप्रदेश के बैढ़न में दिनदहाड़े हुई बैंक लूट की वारदात के बाद उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में हड़कंप मच गया है। लुटेरों के उत्तर प्रदेश की सीमा में दाखिल होने की सूचना मिलते ही बीजपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस ने मध्यप्रदेश सीमा से सटे सिरसोती बार्डर सहित सभी प्रमुख रास्तों की घेराबंदी कर दी है। आने-जाने वाले हर वाहन की सघन तलाशी ली जा रही है। बीजपुर थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अलर्ट मोड पर है। सिरसोती स्थित मध्यप्रदेश बार्डर और अन्य गुप्त रास्तों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।





