बिलासपुर। गणेश उत्सव के मद्देनजर बिलासपुर में प्रशासन ने POP (प्लास्टर ऑफ पेरिस) से बनी मूर्तियों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की टीम ने देवकीनंदन चौक, बृहस्पति बाजार समेत शहर के कई इलाकों में जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान POP से बनी मूर्तियां मिलने पर टीम ने उन्हें जब्त कर लिया। साथ ही दुकानदारों को पर्यावरण नियमों का पालन करने और केवल मिट्टी से बनी मूर्तियों की बिक्री करने की समझाइश दी गई।
कई स्थानों पर पहुंची प्रशासन की टीम
प्रशासन की टीम ने देवकीनंदन चौक और बृहस्पति बाजार सहित कई प्रमुख स्थानों पर मूर्ति विक्रेताओं की दुकानों और बिक्री स्थलों की जांच की। इस दौरान मूर्तियों के निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की जानकारी ली गई।
जहां POP से बनी मूर्तियां मिलीं, वहां टीम ने उन्हें जब्त कर लिया।
दुकानदारों को मिट्टी की मूर्तियां बेचने की हिदायत
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने मूर्ति विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे POP की जगह मिट्टी से बनी मूर्तियों की बिक्री करें। दुकानदारों को पर्यावरणीय नियमों का पालन करने और प्रतिबंधित सामग्री से बनी मूर्तियों की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी गई।







