Acn18. Com.कोरबा में खदान क्षेत्रों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। SECL की मानिकपुर खदान क्षेत्र में संचालित SCC कंपनी के कैंप में तीन ट्रांसफार्मरों में अचानक आग लग गई। आग की ऊंची लपटों और काले धुएं से कैंप में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को कैंप परिसर में लगे तीन ट्रांसफार्मरों में अचानक आग भड़क उठी। कर्मचारियों ने आग बुझाने के लिए मौके पर मौजूद अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।इसके बाद नगर सेना और SECL की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी और SECL के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।ट्रांसफार्मरों से क्रेशर को बिजली की आपूर्ति होती थी। आग के बाद बिजली सप्लाई बंद होने से क्रेशर का काम ठप हो गया और कोयला आपूर्ति प्रभावित हुई।फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या ओवरलोड की जताई जा रही है। वहीं, घटना के बाद कैंप में अग्नि सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की सूचना मानिकपुर चौकी पुलिस को दे दी गई है।





