Acn18. Com.कोरबा जिले के कुदुरमाल पुल पर आखिरकार प्रशासन ने फिर से तालाबंदी कर दी है। खबर दिखाए जाने के बाद हरकत में आए प्रशासन ने पुल के दोनों छोर पर मिट्टी डालकर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर एक साल बाद भी पुल की मरम्मत क्यों नहीं हो पाई?दरअसल, पिछले साल नवंबर में कुदुरमाल पुल का एक हिस्सा अचानक धंस गया था। जांच के बाद पुल को असुरक्षित घोषित करते हुए बंद कर दिया गया था। लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी न तो पुल की मरम्मत हुई और न ही कोई वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया।इस बीच लोगों ने अवरोधक हटाकर पुल से आवागमन शुरू कर दिया और भारी वाहन भी जान जोखिम में डालकर गुजरने लगे।सर्वमंगला-कनबेरी और कनकी-पंतोरा मार्ग को उरगा से जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण पुल कुसमुंडा और गेवरा खदान के सैकड़ों भारी वाहनों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है।अब पुल बंद होने से भारी वाहनों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर कोरबा शहर के भीतर से गुजरना पड़ रहा है। इससे शहर में जाम और सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है।फिलहाल मिट्टी डालकर रास्ता बंद करना प्रशासन का अस्थायी इंतजाम है। अब देखना होगा कि प्रशासन पुल की मरम्मत या नए पुल के निर्माण को लेकर कब ठोस कदम उठाता है।





