Acn18. Com. जांजगीर-चांपा भरत सिंह चौहान
जांजगीर-चांपा जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है। नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम सिउड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र में ताला लटका रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इलाज की उम्मीद लेकर पहुंच रहे मरीजों को बिना उपचार के ही वापस लौटना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में न तो डॉक्टर नियमित रूप से पहुंचते हैं और न ही नर्स मौजूद रहती हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक पिछले तीन से चार दिनों से स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। मरीज इलाज के लिए केंद्र पहुंचते हैं, लेकिन वहां ताला लटका मिलने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।
एक ओर सरकार गांव-गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर सिउड का उप स्वास्थ्य केंद्र इन दावों की हकीकत बयां कर रहा है।
अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी अपनी ड्यूटी से नदारद क्यों हैं? स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस लापरवाही पर कब कार्रवाई करेंगे और ग्रामीणों को नियमित इलाज की सुविधा कब मिलेगी?





