Acn18. Com.कोरबा के रिसदी क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर में बने कबूतरों के पिंजड़े में दो बड़े सांप दिखाई दिए। एक सांप ने पिंजड़े के अंदर कबूतर का शिकार कर लिया, जिससे बाकी कबूतर डरकर इधर-उधर भागने लगे।
रिसदी निवासी डेविड के घर कबूतरों के पिंजड़े में सांप दिखाई देने के बाद परिवार में दहशत फैल गई। पास में बंधे कुत्ते भी लगातार भौंकने लगे। परिवार ने तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम नोवा नेचर को सूचना दी।सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे और पिंजड़े से सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। परिवार के मुताबिक, मौके पर दो सांप दिखाई दिए थे, लेकिन रेस्क्यू के दौरान सिर्फ एक सांप ही पकड़ा जा सका। दूसरा सांप पिंजड़े के पीछे किसी छेद में छिपा होने की आशंका है।
जितेंद्र सारथी ने परिवार को सावधानी बरतने और सांप को खुद पकड़ने या मारने की कोशिश नहीं करने की सलाह दी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सांप दिखने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।





