Acn18. Com जांजगीर चाम्पा भरत सिंह चौहान
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मेउभाटा से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां 36 वर्षीय ऑटो चालक प्रमोद यादव की घर के अंदर फांसी पर लटका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि प्रमोद यादव अपनी पत्नी के साथ घर में रहता था। घटना के वक्त उसकी पत्नी तालाब में नहाने के लिए गई हुई थी। कुछ देर बाद जब वह वापस घर लौटी, तो घर के अंदर पति को लाइलोन की रस्सी के सहारे फांसी पर लटका देखा।
यह दृश्य देखते ही पत्नी के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है।
फिलहाल प्रमोद यादव ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।









