Acn18. Com. Korba.बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के सिंघाली जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने मौके से 11 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि लाखों की नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त किए गए हैं।
दरअसल, बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने सिंघाली जंगल में जुए के फड़ की सूचना पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जुआ खेल रहे 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 74 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा 14 एंड्रॉयड और एक की-पैड मोबाइल, जिनकी कीमत करीब 2 लाख 82 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए गए।
वहीं मौके से बुलेट और स्कूटी समेत 15 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, पूरी कार्रवाई में कुल 11 लाख 56 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत विधिवत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद अवैध जुआ संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।









