कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शावक की मौत के बाद एक मादा भालू के आक्रामक होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मादा भालू ने तीन लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है। घायल महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी नाराजगी है और वे वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
कांकेर विधायक भी मौके पर मौजूद
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांकेर विधायक आशाराम नेताम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश को देखते हुए मौके पर प्रशासन और वन विभाग की टीम भी मौजूद है।
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी और लगातार बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है। शावक की मौत के बाद मादा भालू के आक्रामक होने से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
फिलहाल वन विभाग की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना के कारणों और मादा भालू के हमले से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।






