कवर्धा। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत दलदली से मेन रोड खरिया होते हुए अगरी (बी) तक बनाई गई सड़क पहली ही बारिश की परीक्षा में फेल होती नजर आ रही है। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह सड़क निर्माण के महज दो महीने के भीतर कई स्थानों पर उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क का उद्देश्य ग्रामीणों को वर्षों तक बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा देना था, वह पहली ही बरसात में क्षतिग्रस्त होने लगी। सड़क की ऊपरी परत उखड़ने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई। लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार पर उचित कार्रवाई करने तथा सड़क की गुणवत्ता के अनुरूप दोबारा मरम्मत कराने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग या निर्माण एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




