
*कोरबा।* कटघोरा थाना क्षेत्र में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना मुकुटधर पांडे महाविद्यालय के पास मुख्य मार्ग की है।
जानकारी के अनुसार एक युवक इलेक्ट्रिक स्कूटी से मुख्य मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक स्कूटी से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और मौके से भाग निकला।
कुछ ही देर में स्कूटी धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह खाक हो गई। घटना के बाद मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सूचना पर 112 और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल वाहन को भी बुलाया गया, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी।
इस संबंध में कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि वाहन पूरी तरह जल गया है, नंबर प्लेट भी नहीं दिख रही है, इसलिए मालिक का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका है, हालांकि स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। इलेक्ट्रिक वाहनों में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं।





